रांची : झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर 15 नवंबर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में पढ़ाई में झंडे गाड़ने वाले होनहार बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स के साथ झारखंड ओलिंपियाड और आईसीटी चैंपियनशिप में बाजी मारने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा आकांक्षा योजना के तहत इंजीनियरिंग और मेडिकल में दाखिला पाने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसे लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिया है। इतना ही नहीं, विभाग ने उन विद्यार्थियों की लिस्ट भी भेज दी है, जिन्हें स्थापना दिवस के मंच पर सम्मान मिलने वाला है।
Read More : पलामू में फोरलेन निर्माण में आएगी तेजी, सांसद वीडी राम ने दिए निर्देश
JAC, CBSE और ICSE के टॉपर्स को मिलेगा सम्मान
राज्य स्तरीय समारोह में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक), सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की इस वर्ष की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में राज्य स्तर पर प्रथम तीन स्थान हासिल करनेवाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जैक की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में प्रथम तीन स्थान पानेवाले क्रमशः 12 और 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षा के क्रमशः 11 और 17 विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेगा। इसी तरह, आईसीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में प्रथम तीन स्थान हासिल करनेवाले क्रमशः 14 और 18 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाना है। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के 12 टॉपर्स को भी सम्मानित किया जाएगा।
टॉपर्स को लैपटॉप, मोबाइल और तीन लाख रुपये तक का पु रस्कार
समारोह में सभी टॉपर्स को लैपटॉप और मोबाइल दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करनेवाले विद्यार्थियों को क्रमशः तीन लाख, दो लाख और एक लाख रुपये नकद पुरस्कार के रूप में मिलेंगे। झारखंड ओलिंपियाड के 15 विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं, आकांक्षा योजना के तहत जेईई एडवांस में सफल 35, नीट-यूजी में सफल 12 और क्लैट में सफल तीन विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। पिछले वर्ष आयोजित आईसीटी चैंपियनशिप के विजेताओं को भी स्थापना दिवस समारोह में पुरस्कृत किया जाना है।



