पंजाब : कर्मभूमि एक्सप्रेस (12508) में शुक्रवार दोपहर आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना पंजाब के सराय बंजारा स्टेशन के पास की है। आग लगने की सूचना मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दीपावली और छठ पर्व के कारण ट्रेन में काफी भीड़ थी। घटना के दौरान यात्रियों में दहशत फैल गई। शुरुआती जानकारी में कई यात्रियों के आग की चपेट में आने की आशंका जताई गई थी, लेकिन उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने किसी के घायल होने या जान जाने की खबर से इनकार किया है।
Read More : रांची में आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, फेसबुक लाइव के बाद मचा हड़कंप
कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि अंबाला डिवीजन के सराय बंजारा स्टेशन के पास अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि ट्रेन के सुरक्षा सिस्टम ने समय पर काम किया, जिससे ट्रेन रुक गई। आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया और सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीपीआरओ के मुताबिक, घटना में किसी यात्री के घायल होने, किसी की जान जाने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग लगने की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। इसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों ने भी स्थिति को समझते हुए समय रहते ट्रेन से उतरकर सूझबूझ दिखाई। घटना के दौरान ट्रेन से दूर तक धुआं उठता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में यात्री ट्रेन से उतरकर बाहर खड़े नजर आ रहे हैं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आग एक डिब्बे के पंखे में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। उनके अनुसार, आग सबसे पहले एक कोच में लगी और फिर दूसरे डिब्बों तक फैल गई। हालांकि, रेलवे ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों की अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।
यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए हो रही व्यवस्था
आग की घटना के बाद यात्रियों की आगे की यात्रा को लेकर भी इंतजाम किए जा रहे थे। इसके लिए दूसरी ट्रेन में व्यवस्था करने की तैयारी की गई। रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



