खूंटी हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

रांची : झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क

खूंटी

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। कर्रा थाना क्षेत्र के कोशांबी कॉलोनी के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया।

Read More : रांची में DSPMU के गेट पर लिखा शहीद वीर बुधु भगत विश्वविद्यालय का नाम

स्कूटी सवार को बचाने पहुंचे थे ग्रामीण, तभी ट्रेलर ने रौंदा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। उसे बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे। वहीं महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर यह सब देख रहे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। अचानक हुए इस हादसे में लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सात लोगों की जान चली गई।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत

इस हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुर्घटना में उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ नायक के रूप में हुई है। हादसे में घायल दो लोगों को खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं, सात लोगों की मौत के विरोध और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया।

तीखे मोड़ और अंधेरे के कारण हुआ हादसा : एसपी

घटना की सूचना मिलने पर खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के इलाज की जानकारी ली और घटना को बेहद दुखद एवं हृदयविदारक बताया। एसपी ने कहा कि कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन के चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए। इसी वजह से यह भीषण दुर्घटना हुई।

एसपी के मुताबिक, हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है। घायल बच्ची खतरे से बाहर है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

खूंटी में हुए इस भीषण हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में लोगों की मौत को अत्यंत दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “झारखंड के खूंटी में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सात लोगों की मौत की खबर को हृदयविदारक बताया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति तथा परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *