रांची: दीपावली को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रांची एसएसपी ने डीएसपी और सभी थाना प्रभारियों को त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्ती करने का निर्देश दिया। साथ ही जुए और अड्डेबाजी वाले इलाके में विशेष रूप से सघन छापेमारी अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए।
सिटी डीएसपी केवी रमन ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने के साथ चोरी-छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। ऐसे में भीड़भाड़ वाले बाजारों, बैंकों, एटीएम और आभूषण दुकानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। जुआरियों, शरारती और उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
केवी रमन ने बताया कि दिवाली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर एसपी से निर्देश प्राप्त हुआ है। उन्होंने संभावित जुआ अड्डों को चिह्नित कर छापेमारी करने तथा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने को कहा है।


