हजारीबाग : हजारीबाग पुलिस ने बीती देर रात जिले में अड्डेबाजी और मनचले व्यवहार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 108 ठिकानों पर छापेमारी की और अड्डेबाजी करते तथा मनचले व्यवहार में शामिल 47 लोगों को पकड़कर थाने ले गई।
Read More : रांची के 6 छठ घाटों का महापौर ने किया निरीक्षण, सुरक्षा पर विशेष जोर
दोबारा पकड़े जाने पर जेल भेजने की चेतावनी
पुलिस ने पकड़े गए लोगों को रात में अड्डेबाजी नहीं करने की हिदायत दी। मनचले युवकों को चेतावनी दी गई कि दोबारा सड़क या सड़क किनारे पकड़े जाने पर उन्हें जेल भेजा जाएगा। थाने लाए गए सभी लोगों को पीआर बाउंड कराकर छोड़ दिया गया।
एसपी ने गठित की थीं 45 टीमें
विशेष छापेमारी के लिए एसपी अमन कुमार ने 45 टीमें गठित की थीं। इन टीमों में 191 पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे। अभियान का नेतृत्व संबंधित एसडीपीओ, डीएसपी, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारियों ने किया। एसपी अमन कुमार ने कहा कि आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उनके इलाके में कोई मनचला व्यक्ति या अड्डेबाजी का ठिकाना दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। पुलिस के अनुसार, सूचना का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



