रामगढ़: रामगढ़ आर्मी कैंप में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामगढ़ निवासी राजकमल के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोप है कि राजकमल रामगढ़ के आम नागरिकों को आर्मी कैंप में विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रत्येक वैकेंसी के नाम पर एक लाख रुपये वसूल रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी अब तक कई लोगों से बड़ी रकम की वसूली कर चुका था। अधिकांश पैसे लेने के बाद वह लोगों से संपर्क तोड़ने और फरार होने की कोशिश कर रहा था।
इस मामले में रामगढ़ पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को जीडी संख्या 20 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल रामगढ़ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस संयुक्त रूप से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही ठगी के शिकार लोगों और वसूली गई रकम के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
also read :अच्छी नौकरी, बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर 15 साल की आदिवासी किशोरी को दिल्ली में 20 हजार में बेचा


