रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक मामले में CID ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार सिंह और भानु प्रताप के रूप में हुई है। सुमित को हटिया और भानु प्रताप को टैगोर हिल रोड इलाके से पकड़ा गया है।
जांच के अनुसार, दोनों आरोपी परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी ICN टेक्नोलॉजी के निदेशक मिथिलेश सिंह उर्फ आरके के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इनमें भानु प्रताप CGL परीक्षा के जरिए सरकारी नौकरी हासिल कर चुका था और फिलहाल नौकरी कर रहा था।
CID की शुरुआती जांच में आरोपियों पर करीब 10 से 12 अभ्यर्थियों को कथित तौर पर नकल कराने और परीक्षा में पास कराने में मदद करने का आरोप सामने आया है। मामले में अभ्यर्थियों से पैसे लेने, प्रश्नपत्र से जुड़ी सेटिंग और परीक्षा में गड़बड़ी के नेटवर्क की जांच की जा रही है. CID इस मामले में अन्य संदिग्धों और कथित आर्थिक लेन-देन के संबंधों का पता लगाने में जुटी है।
also read : मंझारी में मां-बेटी की हत्या मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों को भेजा गया न्यायिक हिरासत में


