रांची : दीपावली के अवसर पर पटाखा बिक्री को लेकर रांची नगर निगम ने सख्त निर्देश जारी किया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम परिसर में पटाखा बिक्री के लिए किसी भी व्यक्ति या विक्रेता को अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) अथवा किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी जाएगी। नगर निगम के अनुसार, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम उसकी संपत्ति है और पूरा परिसर निगम के स्वामित्व एवं नियंत्रण में है। ऐसे में यहां पटाखा बिक्री के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति प्राप्त करने की अनुमति नहीं होगी।
Read More : रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास पर चैंबर की DRM से मुलाकात, यात्रियों की सुविधा के लिए दिए सुझाव
अस्थायी दुकान या शेड लगाने पर भी रोक
नगर निगम ने पटाखा बिक्री के लिए अस्थायी अनुज्ञप्ति लेने के इच्छुक सभी विक्रेताओं और संबंधित लोगों को निर्देश दिया है कि वे स्टेडियम परिसर में किसी भी प्रकार का अस्थायी शेड, दुकान या अन्य संरचना स्थापित न करें। इसके साथ ही पटाखा बिक्री के उद्देश्य से किसी भी तरह की तैयारी शुरू नहीं करने की हिदायत दी गई है।
उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। निगम ने इस आदेश को सख्त निर्देश मानने और इसका पालन सुनिश्चित करने को कहा है।



