यूपी : लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए शुक्रवार को गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि 2027 में यूपी में तीसरी बार सरकार बनने पर प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को यूपी से कोई हटा नहीं सकता है। यूपी में 30 अक्तूबर का बड़ा योगदान है। आज के ही दिन 1990 में अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं।
सपा-कांग्रेस मैच हारने के बाद अंपायर पर आरोप लगा रहे हैं कि वोट चोरी हुई
उन्होंने कहा कि 2014 में यूपी में हमारे केवल 44 विधायक थे तब बहुत निराशा थी। मैं तहसील तक गया। एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें जीतीं। 2016 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश यादव को रात भर नींद नहीं आई थी। हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं।
इसके पहले, यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी मौजूद रहे। डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के सभागार में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में हो रही बैठक का शुभारंभ गृहमंत्री अमित शाह ने किया। बैठक में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्या, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी, जितिन प्रसाद व अन्य भाजपा के नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद हैं।
अपने स्वागत भाषण में बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भाजपा के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज आयोजित प्रदेश की कार्यसमिति में हम सब केवल एक औपचारिक बैठक में एकत्र नहीं हुए हैं बल्कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन की शक्ति का मूल्यांकन करने, अपनी उपलब्धियों की समीक्षा करने के साथ ही भविष्य की दिशा तय करने नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिये एकत्रित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे


