झारखंड में भारी बारिश और वज्रपात का खतरा, 15 जिलों में अलर्ट

रांची : बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब झारखंड में भी दिखने लगा है। राज्य के कई इलाकों में आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग

बारिश
AI Generated Image

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब झारखंड में भी दिखने लगा है। राज्य के कई इलाकों में आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में जोरदार बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी आशंका है। तूफान के असर से कई शहरों के तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे मौसम पहले के मुकाबले ठंडा हो गया है।

Read More : नोवामुंडी में खेत के पास गड्ढे में गिरा हाथी, मौत के कारणों की जांच शुरू

छह जिलों में ऑरेंज, नौ जिलों में येलो अलर्ट

मौसम केंद्र के अनुसार, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन नौ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अन्य जिलों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।

कई शहरों के तापमान में गिरावट, इन इलाकों में हुई बारिश

मौसम संबंधी जानकारी के मुताबिक, अंडमान सागर से उठी हवा 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी पहुंची थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को बने निम्न दबाव के क्षेत्र ने चक्रवाती तूफान का रूप ले लिया। तूफान बुधवार सुबह 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों से टकराया। अब इसके कमजोर होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने के संकेत मिले हैं। तूफान के प्रभाव से झारखंड के कई शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रांची के अधिकतम तापमान में 5.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। जमशेदपुर और मेदिनीनगर में 4.4 डिग्री, चाईबासा में 3.8 डिग्री और बोकारो में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बारिश के आंकड़ों के अनुसार, चाईबासा में 13 मिलीमीटर, जमशेदपुर में नौ मिलीमीटर, लातेहार में आठ मिलीमीटर और रांची में चार मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, मेदिनीनगर और बोकारो में दो-दो मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

30 अक्टूबर को फिर बारिश और वज्रपात की आशंका

बंगाल की खाड़ी में एक और नया मौसमी तंत्र विकसित हो रहा है। इसके प्रभाव से 30 अक्टूबर को झारखंड के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। एक नवंबर से चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा और धीरे-धीरे बादल छंटने की संभावना है। इसके बाद तीन नवंबर से राज्य में मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद जताई गई है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *