रांची: राजधानी रांची में काली पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रांची महानगर के लगभग सभी काली पूजा पंडालों में भूमि पूजन का कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। इसके साथ ही विभिन्न पूजा समितियों की ओर से भव्य एवं आकर्षक पंडालों के निर्माण किया जा रहा है। जहां शहर के विभिन्न इलाकों में कारीगर पंडालों को आकर्षक रूप देने में जुटे हैं, वहीं मां काली की भव्य प्रतिमाओं का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। आने वाले दिनों में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में काली पूजा की रौनक देखने को मिलेगी।
इसी क्रम में रांची महानगर काली पूजा समिति ने जयपाल सिंह स्टेडियम के समक्ष विधिवत भूमि पूजन कर मां काली की पूजा की तैयारियों का शुभारंभ किया। पंडित सुभाष चन्द्र मिश्रा, पंडित चन्द्र भूषण मिश्र एवं जजमान बबलू वर्मा ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान गणेश पूजा, वरुण पूजा, भूमि पूजन के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य शुरू हुआ।
इस अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, अध्यक्ष विनय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ संरक्षक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने काली पूजा आयोजन से जुड़े सदस्यों को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। पूजा की तैयारियों को लेकर सदस्यों में उत्साह देखा गया।
काली पूजा आस्था, शक्ति और सामाजिक एकता का प्रतीक : आलोक कुमार दूबे
रांची महानगर काली पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मां काली की पूजा हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मां काली की आराधना हमें शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। राजधानी रांची में काली पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष भी पूजा भव्यता, शांति और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पूरे उत्साह के साथ पूजा में शामिल होने की अपील की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता : विनय कुमार सिंह
समिति के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि भूमि पूजन के साथ ही काली पूजा की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। राजधानी के विभिन्न पूजा पंडालों में भव्य निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और कारीगर मां काली की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समिति की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना और पूजा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। उन्होंने सभी सदस्यों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी और आपसी सद्भाव से ही धार्मिक आयोजन सफल बनते हैं।
कार्यक्रम में ये रहे शामिल
समिति के वरिष्ठ संरक्षक लाल किशोर नाथ शाहदेव, सिद्धार्थ शंकर, रोहन सिंह, मेहुल दूबे, अवध बिहारी तवारी, बंटी वर्मा, कुमार बंटी, दिलीप सिंह, रुपेश वर्मा, अर्जुन सिंह, राहुल सिंह, आकाश रजक, राम पाण्डेय, आनंद राज, विक्की वर्मा एवं गौतम दूबे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



