रांची : चक्रवात अर्नब के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर 2026 को तेज हवा और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर आज यानी मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में अधिकारियों और संबंधित शाखाओं की बैठक हुई। इसमें अगले तीन दिनों तक 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
Read More : रांची में धान अधिप्राप्ति केंद्रों का होगा भौतिक सत्यापन, DC ने दिए निर्देश
नगर निगम ने शहर के सभी 53 वार्डों में त्वरित कार्रवाई के लिए चार जोन बनाए हैं। प्रत्येक जोन में दो क्विक रिस्पांस टीम (QRT) अलर्ट मोड में रहेंगी। रात में भी जलजमाव, पेड़ गिरने और दूसरी आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
तीन दिनों तक 24 घंटे अलर्ट रहेंगी निगम की शाखाएं
नगर आयुक्त ने स्वच्छता, ट्रांसपोर्ट और हॉर्टिकल्चर शाखा को अगले तीन दिनों तक चौबीसों घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने को कहा गया है। रात के दौरान कामकाज जारी रखने के लिए प्रत्येक जोन में स्वच्छता शाखा और हॉर्टिकल्चर शाखा की एक-एक नाइट टीम तैनात रहेगी। हॉर्टिकल्चर शाखा की टीमें तीन शिफ्ट में काम करेंगी। पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई करनी होगी।
निचले इलाकों और जलजमाव वाले क्षेत्रों पर रहेगी नजर
नगर निगम ने जलजमाव की आशंका वाले इलाकों और निचले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। झुके और लटके पेड़ों की पहचान कर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही नदियों और बड़े नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाएगी। सभी जोनल सुपरवाइजर और वार्ड सुपरवाइजर को अपने-अपने क्षेत्रों में नालियों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। जलनिकासी व्यवस्था की निगरानी करते हुए जलजमाव से निपटने की तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
JCB, सुपर सकर मशीन और मोटर पंप रहेंगे तैयार
आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए नगर निगम ने जरूरी मशीनरी और संसाधन तैयार रखने को कहा है। इनमें जेसीबी, सुपर सकर मशीन, स्किड लोडर और मोटर पंप समेत अन्य उपकरण शामिल हैं। इन संसाधनों का जोनवार वितरण किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। नगर निगम की संबंधित शाखाओं को आपस में समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया गया है।
24 घंटे सक्रिय रहेगा नगर निगम का कंट्रोल रूम
चक्रवात के मद्देनजर रांची नगर निगम का कंट्रोल रूम अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जलजमाव, पेड़ गिरने या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलने पर संबंधित टीमों के जरिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सभी संबंधित शाखाओं को कंट्रोल रूम के साथ समन्वय बनाकर शिकायतों का जल्द निपटारा करने का निर्देश दिया है।
रांची नगर निगम कंट्रोल रूम1800-570-1235
जलजमाव, पेड़ गिरने और अन्य आपात स्थितियों की सूचना देने के लिए।
नगर निगम की नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
रांची नगर निगम ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। निचले और जलजमाव की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों से भी जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की गई है। नगर निगम ने तेज हवा और भारी बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और मौसम विभाग तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
नगर निगम के मुताबिक, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। नागरिकों की सुरक्षा और आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित शाखाओं, टीमों और जरूरी संसाधनों को तैयार रखा गया है।




