रांची : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया।
Read More : रांची में भारी बारिश का अलर्ट, 28-29 अक्टूबर को स्कूल बंद
इस दौरान धुर्वा डैम, तिरिल छोटा डैम, जगन्नाथपुर तालाब और हेसग तालाब का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने घाटों की सफाई, जलस्तर, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी जरूरी इंतजाम पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
धुर्वा डैम पर बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम की व्यवस्था
धुर्वा डैम में पानी का स्तर बढ़ा होने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर खास ध्यान देने को कहा गया है। नगर आयुक्त ने खतरनाक जगहों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने, बांस-बल्लियों और रिबन से घेराबंदी करने तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। घाट परिसर में बड़े स्तर पर सफाई और घास की कटाई कराने को भी कहा गया। इसके लिए डैम के श्रमिकों को भी सफाई अभियान में शामिल करने का निर्देश दिया गया है। छठव्रतियों की सुविधा के लिए समतल जगह पर दोहरी परत वाले अस्थायी चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त लाइट भी लगाई जाएगी।
तिरिल डैम से जलकुंभी हटेगी, जगन्नाथपुर तालाब पर रहेगी निगरानी
तिरिल छोटा डैम में जमा जलकुंभी हटाने के लिए वीड हार्वेस्टिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। घाट और आसपास के इलाकों में सफाई तेज करने के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं, जगन्नाथपुर तालाब के आसपास कूड़ा फेंकने पर रोक लगाने और विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जलाशय में ठोस या तरल कचरा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गहरे पानी वाले हिस्सों में चेतावनी बैनर और सुरक्षा रिबन लगाए जाएंगे। पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरत के मुताबिक फिटकरी डालने और हाईमास्ट लाइट लगाने को भी कहा गया है।
हेसग तालाब की मरम्मत और सीढ़ियों की सफाई होगी
हेसग तालाब के छठ घाट पर पेंटिंग, मरम्मत और जरूरी सिविल कार्य कराकर घाट को बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया है। पानी की सफाई के लिए जरूरत के मुताबिक ब्लीचिंग पाउडर और फिटकरी का इस्तेमाल किया जाएगा। नगर आयुक्त ने सीढ़ियों पर जमी काई को हटाने पर भी जोर दिया, ताकि फिसलन के कारण छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के साथ कोई हादसा न हो।
छठ पूजा समितियों से सहयोग की अपील
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने छठ पूजा समितियों से घाटों की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम, पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के आपसी तालमेल से ही श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल दिया जा सकता है। उन्होंने सभी अंचल कार्यालयों की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों और वार्डों के छठ घाटों पर नजर रखने तथा सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक, अंचल कार्यालयों की टीम, जोनल व वार्ड सुपरवाइजर और छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे। नगर निगम का कहना है कि सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छठव्रती और श्रद्धालु श्रद्धा व आस्था के साथ पर्व मना सकें।




