जयपुर : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सीनियर टीचर भर्ती 2026 में पदों की संख्या संशोधित कर दी है। आयोग ने भर्ती से 886 पद कम करते हुए अब कुल 9,651 पदों पर नियुक्ति करने का निर्णय लिया है। इससे पहले यह भर्ती 10,537 पदों के लिए प्रस्तावित थी। हालांकि, परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है और भर्ती परीक्षा 12 से 18 जुलाई 2026 तक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी।
Read More : म्यूजिक इंडस्ट्री में भी हैं अवसर, इन शानदार फील्ड्स में बनाएं भविष्य
आयोग के अनुसार, इस भर्ती परीक्षा के लिए 12 लाख 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। विषयवार संशोधित पदों की संख्या को लेकर आयोग ने शुद्धि-पत्र जारी कर दिया है। विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें पहले की तरह यथावत रहेंगी। विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद जारी हुआ संशोधित आदेश
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर खंडपीठ में भर्ती परीक्षा स्थगित करने और आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई हुई। इस दौरान आयोग के सचिव ने अदालत को बताया कि नियमानुसार मूल विज्ञापित पदों में अधिकतम 50 प्रतिशत तक ही वृद्धि की जा सकती है।
Read More : ज्वेलरी डिजाइन में बड़ी डिग्री की नहीं है जरुरत
उन्होंने बताया कि पहले जारी शुद्धि-पत्र संख्या 10/2026-27 के माध्यम से पदों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी, जो निर्धारित सीमा से अधिक थी। इसके बाद नियमों के अनुरूप संशोधन करते हुए आयोग ने नया शुद्धि-पत्र 11/2026-27 जारी किया, जिसके तहत कुल पदों की संख्या घटाकर 9,651 कर दी गई। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती का वर्गवार पद विभाजन जल्द जारी किया जाएगा।
पहले 6,500 पदों के लिए निकला था विज्ञापन
सीनियर टीचर भर्ती का मूल विज्ञापन 17 जुलाई 2025 को जारी किया गया था। उस समय 10 विषयों में कुल 6,500 पद निर्धारित किए गए थे। ऑनलाइन आवेदन 19 अगस्त से 17 सितंबर 2025 तक स्वीकार किए गए थे। बाद में माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के आधार पर पदों की संख्या बढ़ाकर 10,537 कर दी गई थी। अब नियमों के अनुरूप इसे संशोधित करते हुए कुल 9,651 पद अधिसूचित किए गए हैं।
12 से 18 जुलाई तक होगी परीक्षा
आयोग ने परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया है। विभिन्न विषयों की परीक्षाओं को चार समूहों में आयोजित किया जाएगा।
ग्रुप-A में सोशल साइंस विषय शामिल है। इसकी सामान्य ज्ञान परीक्षा 12 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक तथा सोशल साइंस विषय की परीक्षा दोपहर 3 से 5:30 बजे तक होगी।
ग्रुप-B में हिंदी विषय के अभ्यर्थियों की सामान्य ज्ञान परीक्षा 13 जुलाई को सुबह 10 से 12 बजे तक और हिंदी विषय की परीक्षा दोपहर 3 से 5:30 बजे तक आयोजित होगी।
ग्रुप-C में साइंस और संस्कृत विषय शामिल हैं। 14 जुलाई को सामान्य ज्ञान और साइंस विषय की परीक्षा होगी, जबकि 15 जुलाई को सुबह 10 से 12:30 बजे तक संस्कृत विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
ग्रुप-D में गणित, अंग्रेजी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी और गुजराती विषय शामिल हैं। इन विषयों की परीक्षाएं 16 से 18 जुलाई के बीच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
Read More : गर्मियों में सब्जियां लंबे समय तक ताज़ा रखने के आसान टिप्स, फ्रिज में न करें ये बड़ी गलती




