रांची : बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवसाद के चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ में बदलने के बाद झारखंड के मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 27 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
Read More : RIMS से होमगार्ड जवानों को हटाने का विरोध, हाईकोर्ट जाएगा एसोसिएशन
बंगाल की खाड़ी में मजबूत हो रहा चक्रवाती तूफान
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवसाद 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम की ओर बढ़ा और चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ में तब्दील हो गया। फिलहाल यह पूर्वी-मध्य और उससे सटे पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। विभाग ने आशंका जताई है कि तूफान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए सोमवार मध्यरात्रि तक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद 27 अक्टूबर को इसके और शक्तिशाली होकर अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।
झारखंड के 22 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम बदल सकता है। 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के 22 जिलों में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आंधी और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत बताई है। तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका के बीच लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह तक उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पार कर सकता है। इस दौरान हवा की निरंतर गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
जगन्नाथपुर में सबसे अधिक, लातेहार में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह हल्की कनकनी महसूस हुई, जबकि दोपहर में गर्मी और उमस का असर देखने को मिला।
रांची में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.7 और न्यूनतम 19.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.5 और न्यूनतम 16.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 17.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 33.8 और न्यूनतम 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।




