रांची : झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अब झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य को लेकर पूरी ताकत से जुट जाना है। उन्होंने कहा कि झारखंड उनकी जन्मभूमि है और इस धरती से उनका खास लगाव है। ऐसे में पार्टी के कार्यकर्ताओं को अब नए जोश के साथ मैदान में उतरना होगा। संगठन को मजबूत करने के लिए गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचना होगा। साथ ही पंचायत से लेकर संसद तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए जनता के बीच जाकर काम करना होगा।
Read More : JDU ने अनंत सिंह को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, सदस्यता रद्द
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश कार्यसमिति में तय मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने और राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष किया है। कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट जाएं, तो राज्य में पार्टी की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
‘झारखंड मेरी जन्मभूमि’, कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने की अपील
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि झारखंड उनकी जन्मभूमि है और उनकी शिक्षा का बड़ा हिस्सा भी इसी प्रदेश में बीता है। ऐसे में यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए घर आने जैसा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन और जनता के हित में काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में भाजपा का विस्तार हो रहा है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी झारखंड के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
बंगाल और बिहार के कार्यकर्ताओं से प्रेरणा लेने की बात
नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल और बिहार के भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष का उदाहरण देते हुए झारखंड के कार्यकर्ताओं से भी पूरी ताकत और समर्पण के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन के विस्तार के लिए लगातार मेहनत की है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और संगठन को ताकत बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के जरिए भी जनता के बीच काम करने के कई अवसर हैं। कार्यकर्ताओं को इन अवसरों का इस्तेमाल कर संगठन को मजबूत करना चाहिए।
भगवान बिरसा मुंडा और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज के योगदान और गौरव की चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। नितिन नबीन ने आयुष्मान भारत समेत केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे गरीब परिवारों को राहत मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा और समर्पण की भावना के साथ जनता के बीच काम करने और योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
SIR और लोकतंत्र के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
बैठक में नितिन नबीन ने संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना की। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर नागरिकों के मताधिकार के बजाय घुसपैठियों के संरक्षण को लेकर राजनीति करने का आरोप भी लगाया।
भर्ती घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संघर्ष का आह्वान
नितिन नबीन ने झारखंड में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने की बात कही। उन्होंने भर्ती घोटालों, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों को जनता के बीच उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए। चुनाव में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बावजूद कार्यकर्ताओं को जनता की आवाज बनकर स्थानीय मुद्दों पर लगातार काम करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने के साथ संगठन के भीतर संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि नेतृत्व करने वालों को सेवा और समर्पण की भावना के साथ काम करना चाहिए।
आदित्य साहू ने भी राज्य सरकार पर साधा निशाना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने चुनाव के दौरान गरीबों, किसानों और युवाओं से कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। आदित्य साहू ने भर्ती घोटालों और कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने और वैचारिक लड़ाई को मजबूत करने का आह्वान किया।




