रांची: झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद प्रशासनिक कामकाज को और अधिक सुचारू बनाने के लिए पर्षद का दफ्तर अब अपनी पुरानी जगह छोड़कर नए पते पर शिफ्ट होने जा रहा है। इसके लिए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने टेंडर जारी किया है। इसके जरिए पैकर्स एंड मूवर्स, अनुभवी ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
धुर्वा से कांके रोड शिफ्ट हो रहा प्रदूषण बोर्ड का दफ्तर
झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद का कार्यालय फिलहाल धुर्वा स्थित HEC कॉम्प्लेक्स की टीए डिविजन बिल्डिंग (ग्राउंड फ्लोर) से संचालित हो रहा है, जिसे अब रांची के पॉश इलाके कांके रोड स्थित थर्ड फ्लोर, उत्पाद भवन (नयी पुलिस लाइन के पास, मुख्यमंत्री आवास के सामने) में पूरी तरह शिफ्ट किया जाना है। इस पूरी प्रक्रिया में दफ्तर के भारी-भरकम सामानों को सुरक्षित एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाना एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए पर्षद ने सिंगल बिड सिस्टम के तहत योग्य और अनुभवी स्थानीय ठेकेदारों व एजेंसियों से निविदाएं मंगाई हैं, जो इस काम को पूरी दक्षता के साथ अंजाम दे सकें।
इस शिफ्टिंग के दौरान केवल फाइलें ही नहीं, बल्कि दफ्तर का पूरा हाई-टेक और भारी सामान स्थानांतरित किया जाएगा। इसमें प्रमुख रूप से फोटोकॉपी मशीन, कंप्यूटर, प्रिंटर, कुर्सियां, टेबल, अलमारी, चेस्ट, फाइल रैक, केस प्रोसीडिंग्स की जरूरी फाइलें और अन्य सामग्रियां शामिल हैं। इसके अलावा, मॉड्यूलर क्यूबिकल फर्नीचर को सुरक्षित खोलना (डिस्टसमलिंग), नई जगह पर दोबारा जोड़ना (असमलिंग), इंस्टॉलेशन, लोडिंग, अनलोडिंग और सामानों की पेशेवर पैकिंग-अनपैकिंग का पूरा जिम्मा चुने गए ठेकेदार को संभालना होगा।




