मुंबई : मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को धमकी भरा ईमेल भेजे जाने का मामला सामने आया है। ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले और गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसके अलावा, मुंबई के मेयर कार्यालय, एक स्कूल और महालक्ष्मी रेस कोर्स में धमाके की धमकी भी दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 27 नवंबर 2026 को मुंबई में आयोजित होने वाला है। धमकी भरे ईमेल में इस कार्यक्रम को निशाना बनाने की बात कही गई है। हालांकि, धमकियों की गंभीरता और उनकी विश्वसनीयता को लेकर जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Read More : गुमला में PLFI के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत 4 गिरफ्तार
धमकी भरे ईमेल में किन जगहों का जिक्र?
मिली जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह 11:31 बजे भेजे गए ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई। इसके अलावा, 31 अक्टूबर को मुंबई के एक स्कूल में ग्रेनेड हमले और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम धमाके की धमकी का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे का भी जिक्र होने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी दी गई है।
BMC और दादर के स्कूलों को भी मिली धमकी
डीसीपी मनीष कलवानिया के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को धमकी भरा ईमेल मिला था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके अलावा, दादर के स्कूलों को भी धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ईमेल में किए गए दावों की पड़ताल की जा रही है।




