पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार को आठ निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान जारी है। इसी बीच पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मोकामा स्थित एक मतदान केंद्र पर अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। सूचना मिलने पर डीएसपी मौके पर पहुंचे और लोगों को वहां से हटाया। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
Read More : कोजागरा पूर्णिमा 2026 कब मनाई जाएगी? जानें चंद्रोदय और पूजा का समय
राज्य में मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। चुनाव के लिए कुल 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पांच लाख से अधिक मतदाता आठों सीटों पर उम्मीदवारों की जीत-हार तय करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान के मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों के कर्मियों को आकस्मिक अवकाश भी दिया गया है।
दोपहर 12 बजे तक स्नातक सीटों पर 12.88% मतदान
दोपहर 12 बजे तक चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में औसतन 12.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, शिक्षक कोटे की चार सीटों पर औसतन 30.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। निर्वाचन क्षेत्रवार मतदान के आंकड़े इस प्रकार हैं :
- पटना स्नातक: 14.02%
- तिरहुत स्नातक: 5.55%
- दरभंगा स्नातक: 13.00%
- कोसी स्नातक: 17.94%
- पटना शिक्षक: 30.06%
- सारण शिक्षक: 42.55%
- तिरहुत शिक्षक: 10.64%
- दरभंगा शिक्षक: 37.50%
आठ सीटों पर 5.32 लाख से अधिक मतदाता
विधान परिषद चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता आठ सीटों पर उम्मीदवारों का भविष्य तय करेंगे। चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 4,92,594 मतदाता हैं। इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिलाएं और 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कोसी सीट पर 1,34,072, तिरहुत सीट पर 1,43,988, दरभंगा सीट पर 1,26,951 और पटना सीट पर 87,583 मतदाता हैं। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40,253 मतदाता हैं। इनमें 30,677 पुरुष, 9,573 महिलाएं और तीन थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। शिक्षक सीटों में पटना में 11,719, सारण में 10,748, दरभंगा में 9,026 और तिरहुत में 8,760 मतदाता हैं।
वैशाली में 48 मतदान केंद्रों पर वोटिंग
वैशाली जिले में तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। जिले में कुल 48 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 32 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 16 केंद्र शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले में 38,089 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।




