रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कल यानी 23 अक्टूबर को तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 24 अक्टूबर को वे भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और राजधानी रांची को भाजपा के झंडों, बैनरों और पताकाओं से सजाया गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और स्वागत की तैयारियों की समीक्षा की। पार्टी ने उनके आगमन पर जगह-जगह स्वागत की व्यवस्था की है।
Read More : जीतो के महिला उद्यमी सम्मेलन में 200 से अधिक महिलाओं ने लिया हिस्सा
23 अक्टूबर को शाम सात बजे पहुंचेंगे रांची
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन भूमि झारखंड में यह दूसरा आगमन होगा। उनके स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। अमर कुमार बाउरी के मुताबिक, नितिन नवीन 23 अक्टूबर को शाम सात बजे रांची हवाई अड्डे पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए झारखंड की पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा की तैयारी की गई है। राजधानी में अलग-अलग जगहों पर पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।
24 अक्टूबर को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान नितिन नवीन 24 अक्टूबर को भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे और कार्यसमिति की बैठक को लेकर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव और शालिनी बैसिखियार, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका, सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सीमा सिंह, शशांक राज, राकेश भाष्कर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू, नरेन्द्र सिंह और धीरज महतो सहित अन्य पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।




