जमशेदपुर : ओडिशा के रायागड़ा रेल मंडल में मुनिगुड़ा और छिपाबर्टा स्टेशन के बीच भारी भूस्खलन हो गया है। इसके चलते रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं, कुछ ट्रेनों को उनके तय ठिकाने तक चलाने के बजाय कोरापुट तक ही चलाया जाएगा। इसका सीधा असर झारखंड और पश्चिम बंगाल से विशाखापत्तनम, जगदलपुर और किरांडुल जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, 21 से 30 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग तारीखों में कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। ऐसे में इन रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की जानकारी जरूर ले लेनी चाहिए।
Read More : जामताड़ा में बंद मकान की बाउंड्री तोड़कर चोरी, गहने और कैश गायब
चार प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
भूस्खलन के चलते रेलवे ने चार एक्सप्रेस ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया है। इनमें 18515 विशाखापत्तनम-किरांडुल एक्सप्रेस, 18516 किरांडुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस और 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 21 से 28 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस का परिचालन 22 से 29 अक्टूबर तक बंद रहेगा।
हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस भी कोरापुट तक चलेगी
कुछ ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, बल्कि उनके गंतव्य में बदलाव किया गया है। 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 21 से 28 अक्टूबर तक कोरापुट तक ही चलेगी। वहीं, 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 23 से 30 अक्टूबर तक कोरापुट से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसी तरह, 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस 21 से 28 अक्टूबर तक कोरापुट में ही यात्रा समाप्त करेगी। जबकि 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 22 से 29 अक्टूबर तक कोरापुट से रवाना होगी। इसके अलावा, 58501 विशाखापत्तनम-किरांडुल पैसेंजर ट्रेन भी 21 से 28 अक्टूबर तक कोरापुट तक ही चलेगी।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
ट्रेनों के रद्द होने और परिचालन सीमित किए जाने से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खासकर झारखंड और पश्चिम बंगाल से जगदलपुर, किरांडुल और विशाखापत्तनम जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, यात्रा की तारीख और निर्धारित गंतव्य की जानकारी आधिकारिक रेलवे माध्यमों से जरूर प्राप्त कर लें, ताकि आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचा जा सके।




