गिरिडीह : गिरिडीह जिले के धनवार में मंगलवार को सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। खोरीमहुआ-धनवार मुख्य मार्ग पर बिशनपुर के पास एक बेकाबू कार ने ऑटो समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने टक्कर मारने वाली कार में आग लगा दी।
बेकाबू कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, हादसा बिशनपुर के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने ऑटो समेत कुछ अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि एक शख्स की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 12 लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से गुस्साए लोगों ने कार को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार और थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया गया। दूसरी तरफ, हादसे में घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
धनवार थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायलों का इलाज चल रहा है और बाकी स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस हादसे से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

