नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आज यानी शनिवार को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (UAPA) के तहत पाकिस्तान में मौजूद 23 व्यक्तियों को आतंकवादी घोषित किया है। सरकारी आदेश के अनुसार, सूची में शामिल सभी व्यक्ति जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और अन्य आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। इस फैसले के बाद UAPA के तहत घोषित व्यक्तिगत आतंकवादियों की कुल संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
Read More : मुंबई समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूल बंद
UAPA के तहत केंद्र सरकार को यह अधिकार प्राप्त है कि यदि किसी व्यक्ति के आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के पर्याप्त आधार हों, तो उसे आतंकवादी घोषित किया जा सकता है। इन नामों को सूची में शामिल किए जाने के बाद राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) को उनके वित्तीय संसाधनों पर रोक लगाने, संपत्तियां जब्त करने और हथियारों से जुड़े मामलों में कार्रवाई करने जैसी कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
2019 के संशोधन के बाद मिला यह अधिकार
वर्ष 2019 में UAPA में संशोधन के जरिए केंद्र सरकार को यह अधिकार दिया गया था कि केवल संगठनों ही नहीं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी गतिविधियों में शामिल लोगों को भी आतंकवादी घोषित किया जा सके। इससे पहले कानून के तहत केवल संगठनों को ही आतंकवादी संगठन घोषित करने का प्रावधान था। गृह मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी सूची में शामिल कई व्यक्तियों पर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर हुए हमलों, घुसपैठ, हथियारों की आपूर्ति, आतंकी भर्ती, फंडिंग और आतंकी नेटवर्क के संचालन में भूमिका निभाने के आरोप हैं।
Read More : हिमाचल प्रदेश में 6-7 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 14 लोगों की मौत
जैश, लश्कर और अन्य संगठनों से जुड़े कई नाम शामिल
नई सूची में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसद्दिक उर्फ डॉक्टर, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान उर्फ अबू साद, हाफिज अब्दुल शकूर उर्फ कारी जर्रार, अब्दुल्ला जेहादी, गुलाम फरीद, मौलाना इमदादउल्ला मक्की और वसीम नूर जट के नाम शामिल हैं।
Read More : राम मंदिर दान काउंटिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव, डबल चेकिंग और नए ड्रेस कोड की व्यवस्था
वहीं लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े फिरदौस अहमद भट, हारून राशिद गनई, बिलाल अहमद मीर, आबिद कय्यूम लोन, नजीर अहमद गुज्जर, अब्दुल रऊफ उर्फ हाफिज अब्दुल रऊफ, हाफिज तल्हा सईद, हाफिज खालिद वलीद, मुहम्मद याह्या अजीज, मौलाना सैफुल्लाह खालिद, मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा, मौलाना यूसुफ ताइबी, मुहम्मद सलीम, कारी याकूब शेख, मुहम्मद अमीन बट, अली काशिफ जान और मोहम्मद शहीद फैसल के नाम भी सूची में शामिल किए गए हैं। सरकारी आदेश के अनुसार मोहम्मद शहीद फैसल का संबंध लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के अलावा अल-कायदा और ISIS मॉड्यूल से भी बताया गया है।




