रांची : झारखंड में मेडिकल की पढ़ाई और इलाज की सुविधा बढ़ाने के लिए चार जिलों में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल खोले जाएंगे। ये सभी अस्पताल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर बनाए जाएंगे। इसकी शुरुआत जामताड़ा से होगी, जहां 420 बेड वाला मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल खोला जाएगा। इस अस्पताल में MBBS की 100 सीटें भी रहेंगी। इसको लेकर गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग और मेसर्स मणि मनीष हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड (MMHPL) के प्रतिनिधियों के बीच आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर किए गए। अब इस योजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
Read More : रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने नेमरा पहुंचे केंद्रीय मंत्री, विधायक और अधिकारी
खूंटी, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज
झारखंड सरकार ने पहले चरण में खूंटी, जामताड़ा, धनबाद और गिरिडीह में मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल खोलने की योजना बनाई है। इसी कड़ी में जामताड़ा की परियोजना के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और MMHPL के प्रतिनिधियों ने LOI पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा और रिम्स के निदेशक डॉ. डीके सिन्हा मौजूद रहे।
एक रुपये की टोकन मनी पर हुआ समझौता
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए बिड जारी की गई थी। इसके बाद एक रुपये की टोकन मनी पर LOI पर हस्ताक्षर किए गए। योजना के तहत जामताड़ा सदर अस्पताल को अपग्रेड कर 420 बेड की क्षमता वाला अस्पताल बनाया जाएगा। इसके साथ ही यहां MBBS की 100 सीटों पर मेडिकल की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना में MMHPL लीड मेंबर के रूप में शामिल है। इसके अलावा आई केयर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च और डॉ. विधानचंद्र राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भी परियोजना से जुड़े हैं।
जामताड़ा की पहचान मेडिकल कॉलेज से होगी: इरफान अंसारी
LOI पर हस्ताक्षर के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब उन्हें जीत को लेकर आशंका थी। चुनाव जीतने और स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद अब वह जामताड़ा की जनता की सेवा कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि जामताड़ा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल का शिलान्यास जल्द किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा की पहचान आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज के रूप में भी बनेगी।
RIMS-2 के शिलान्यास पर भी जल्द मिलेगी जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड में RIMS-2 के शिलान्यास को लेकर भी जल्द अच्छी खबर दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। मंत्री ने कहा कि एक रुपये की टोकन मनी पर मंदिर निर्माण के लिए समझौते किए जाते हैं, जबकि उनकी सरकार इसी तरह अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस तय करने के लिए बनेगी कमेटी
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि झारखंड के निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की फीस निर्धारित करने के लिए जल्द ही फीस फिक्सेशन कमेटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा फीस फिक्सेशन कमेटी सक्रिय नहीं है। नई कमेटी के जरिए निजी मेडिकल कॉलेजों की फीस संरचना तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।



