दुमका : दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक आदिवासी छात्रा का शव गांव के पास झाड़ियों से मिला है। छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। इसके बाद वह गाय खोलने के लिए खेत और मैदानी इलाके की तरफ गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Read More : कोयला मंत्री किशन रेड्डी पहुंचे नेमरा, हेमंत सोरेन से की मुलाकात
खाना खाने के बाद गाय खोलने गई थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक, छात्रा नौवीं कक्षा में पढ़ती थी। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटने के बाद उसने खाना खाया और रोज की तरह गाय खोलने के लिए खेत की तरफ चली गई। कुछ देर बाद गाय अकेले ही घर लौट आई, लेकिन छात्रा काफी देर तक वापस नहीं आई। इसके बाद घरवालों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी।
गांव के पास झाड़ियों में मिला शव
परिजनों ने काफी देर तक छात्रा को आसपास खोजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उसकी तलाश की गई। इसी दौरान गांव के पास झाड़ियों में छात्रा का शव मिला। शव देखते ही परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सूचना मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर विभिन्न पहलुओं से छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर जांच में जुटे रहे। थाना प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




