रांची में डालसा का जागरूकता अभियान, 200 ग्रामीणों को मिली योजनाओं की जानकारी

रांची : सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो अब लोगों को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने महुआजाड़ी पंचायत भवन और गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाया।

डालसा

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी हो रही है, तो अब लोगों को इसके लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची ने महुआजाड़ी पंचायत भवन और गांव में जागरूकता कार्यक्रम चलाया। इस दौरान ग्रामीणों को गरीबी दूर करने वाली सरकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में करीब 200 लोग जागरूक हुए। साथ ही, अलग-अलग सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों से आवेदन भी लिए गए।

Read More : पीएम मॉल पर 223 करोड़ रुपये बकाया, टाटा स्टील ने शुरू की कार्रवाई

60 दिनों तक चलेगा जागरूकता अभियान

डालसा ने यह कार्यक्रम 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के पहले चरण के तहत आयोजित किया। इस अभियान का मकसद ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें उनका हक दिलाने में मदद करना है। कार्यक्रम में खास तौर पर नालसा की योजना ‘गरीबी उन्मूलन योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन विधिक सेवा योजना-2015’ के बारे में बताया गया।

यह अभियान झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सह झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा है। झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त सह डालसा अध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, डालसा सचिव के नेतृत्व में अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

ग्रामीणों को बताया, कैसे मिलेगा योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में पीएलवी कालिन्दर गोप ने ग्रामीणों को बताया कि समाज के कमजोर और वंचित लोगों को न्याय दिलाने और उनके कानूनी अधिकारों की रक्षा करने के लिए नालसा लगातार काम कर रहा है। इसी मकसद से नालसा की गरीबी उन्मूलन योजना के तहत अलग-अलग जिलों में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम और सहायता शिविर लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को डालसा के साथ जोड़कर कानूनी मदद पहुंचाई जा रही है। इस दौरान डालसा की टीम ने ग्रामीणों को नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग कानूनी सहायता के लिए संपर्क कर सकें।

आवास, पेंशन और किसान योजना के लिए लिए आवेदन

डालसा की टीम ने गांव में घर-घर जाकर लोगों से बात की। इस दौरान उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें दूर करने में मदद का भरोसा दिया। टीम ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताया और उनका लाभ लेने के लिए आवेदन भी लिए।

इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, पीएम किसान योजना, पशुपालन शेड योजना, राशन कार्ड, सिंचाई मशीन और लेबर कार्ड से जुड़े आवेदन लिए गए। डालसा का कहना है कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में पीएलवी कालिन्दर गोप समेत महुआजाड़ी गांव के ग्रामीण मौजूद रहे।

 

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *