जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के केनरा बैंक में हुई करोड़ों की डकैती के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बदमाशों का वीडियो जारी किया है। पुलिस ने पांचों अपराधियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम भी रखा है। साथ ही लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी बदमाशों के बारे में कुछ पता चले, तो पुलिस को खबर जरूर दें। जानकारी देने वाले का नाम-पता गुप्त रखा जाएगा। डकैती हुए 14 दिन से ज्यादा बीत गए हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ कोई बड़ी कामयाबी नहीं लगी है। बदमाश दिनदहाड़े हथियार लेकर बैंक में घुसे थे और कर्मचारियों के साथ ग्राहकों को भी बंधक बना लिया था। इसके बाद बैंक से 42 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के बदले रखे करीब 33.20 करोड़ रुपये के सोने पर हाथ साफ कर दिया था।
Read More : नरेंद्र मोदी के नाम पर होगा जेवर एयरपोर्ट, योगी सरकार ने कैबिनेट में लिया फैसला
इधर, बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में छापेमारी कर रही है। लेकिन अब तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
24 सितंबर को दिनदहाड़े बैंक में घुसे थे डकैत
गोलमुरी मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को छह हथियारबंद डकैतों ने करीब एक घंटे तक लूटपाट की थी। रेनकोट पहने पांच अपराधी सुबह 9:10 बजे बैंक के अंदर घुसे थे। बैंक का ताला सफाईकर्मी आकाश नाग और चाय बनाने वाली नूतन ने खोला था। इसके बाद बदमाशों ने दोनों को बंदूक की नोक पर ले लिया और बैंक के अंदर घुस गए। अपराधियों ने 42 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों से जमा कराया गया करीब 33.20 करोड़ रुपये का सोना लूट लिया। बैंक में 23.8 किलो सोना 650 पैकेट में सीलबंद रखा था। डकैतों का एक साथी सीढ़ियों के पास खड़ा होकर रेकी कर रहा था। वह बाहर की गतिविधियों पर नजर रख रहा था, जबकि बाकी बदमाश बैंक के अंदर लूटपाट कर रहे थे।
कर्मचारियों और तीन ग्राहकों को बनाया बंधक
बैंक के अंदर घुसे बदमाशों ने पीओ और बैंक मैनेजर से लॉकर की दोनों चाबियां ले लीं। इसके बाद कैश और गहनों वाला लॉकर खुलवाया। इस दौरान बैंक कर्मचारियों और तीन ग्राहकों को बंधक बनाकर रखा गया। बैंक के गार्ड संतोष कुमार ने बदमाशों का विरोध किया, तो उन्होंने पिस्टल की बट और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। इस हमले में गार्ड घायल हो गया।
छह बैग में सोना और कैश भरकर भागे बदमाश
लूटपाट के बाद सुबह 10:14 बजे अपराधी छह बैग में नकदी और सोना भरकर फरार हो गए। इनमें से कुछ बदमाश अपाचे बाइक से भागे, जबकि कुछ पैदल ही निकल गए। बदमाशों ने सफाईकर्मी आकाश नाग और चाय बनाने वाली नूतन के मुंह पर टेप चिपका दिया था। उसी टेप से उनके हाथ भी बांध दिए थे, ताकि वे शोर न मचा सकें और तुरंत किसी को सूचना न दे सकें। अब पुलिस ने अपराधियों का वीडियो जारी कर उनकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि लोगों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।




