उत्तर प्रदेश : जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम अब नरेंद्र मोदी के नाम पर रखने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। CM योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।
Read More : SIR विवाद के बीच राष्ट्रपति मुर्मू से मिलेंगे विपक्षी नेता, रात 8 बजे बैठक
इस दौरान सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 साल का इंतजार खत्म हुआ है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण भी प्रधानमंत्री जैसे साधक की सोच का नतीजा है। योगी ने कहा कि विदेश से मां अन्नपूर्णा की मूर्ति वापस लाकर फिर से स्थापित कराना भी प्रधानमंत्री के प्रयासों का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने प्रधानमंत्री के योगदान की खुलकर तारीफ की है।
2017 के बाद यूपी में विकास ने पकड़ी रफ्तार
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच खास जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन डबल इंजन सरकार आने के बाद यूपी विकास के नए आयाम छू रहा है। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा उत्तर प्रदेश को प्राथमिकता दी है। इसके लिए प्रदेश सरकार उनकी आभारी है। CM के मुताबिक, आज प्रदेश में एक्सप्रेसवे और हाईवे का जाल बिछ रहा है। क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और मेट्रो भी चल रही है। जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन रहा है। हवाई सेवाओं के विस्तार से प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है।
लॉजिस्टिक हब बन रहा उत्तर प्रदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की वजह से उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। प्रदेश में लखनऊ के अंदर ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की इकाई और पीएम मित्र टेक्सटाइल पार्क जैसी परियोजनाएं भी औद्योगिक विकास को रफ्तार दे रही हैं। इन परियोजनाओं से निवेश बढ़ने और रोजगार के नए मौके पैदा होने की उम्मीद है।
गरीबों और किसानों के लिए योजनाओं का किया जिक्र
CM ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और महिलाओं के उत्थान के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले का भी जिक्र किया। योगी के मुताबिक, किसानों को एक लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्रदेश में 65 लाख से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, 3.67 करोड़ राशन कार्डधारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। CM ने कहा कि लाखों परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है। वहीं, लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए प्रदेश में 6.08 करोड़ आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।



