नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज यानी शुक्रवार की रात 8 बजे INDIA गठबंधन के नेताओं से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्षी नेताओं को मिलने का समय दे दिया गया है। विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में अपनी बात रखने के लिए राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था। अब राष्ट्रपति ने उनकी मांग मान ली है और आज रात मुलाकात होगी।
Read More : डुमरी विधायक जयराम महतो बने डॉक्टर, राज्यपाल ने दी PhD की उपाधि
INDIA गठबंधन ने 2 अक्टूबर को भेजा था पहला पत्र
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को बताया था कि INDIA गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के लिए समय मांगा है। गठबंधन राष्ट्रपति भवन से जवाब मिलने का इंतजार कर रहा था। वेणुगोपाल के मुताबिक, विपक्षी नेताओं ने मुलाकात के लिए पहला अनुरोध पत्र 2 अक्टूबर को भेजा था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे। इसके बाद गठबंधन ने 5 अक्टूबर को दोबारा पत्र भेजा और नेताओं के नाम भी दिए। विपक्ष ने 7, 8 या 9 अक्टूबर को मुलाकात के लिए समय मांगा था। गुरुवार तक जवाब नहीं मिलने पर वेणुगोपाल ने कहा था कि गठबंधन शुक्रवार तक इंतजार करेगा। अब शुक्रवार रात 8 बजे मुलाकात का समय तय हुआ है।
SIR के मुद्दे पर तीन दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहा विपक्ष
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर INDIA गठबंधन के विपक्षी दल पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले सप्ताह गठबंधन ने इस मुद्दे पर आगे की रणनीति तैयार की थी। इसके तहत अलग-अलग जगहों पर रैलियां निकालने और ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च आयोजित करने का फैसला लिया गया था। विपक्षी दल चुनावी व्यवस्था और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। इसी मुद्दे पर गठबंधन के नेता राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहते हैं।
वेणुगोपाल बोले- लोकतंत्र बचाने की ‘करो या मरो’ की लड़ाई
कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल ने भाजपा, PM नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भारतीय लोकतंत्र में अराजकता पैदा करने का आरोप लगाया है। वेणुगोपाल ने कहा, “वे भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने वाले हैं और हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए यहां हैं।” उन्होंने आगे कहा कि देश के मतदाताओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह ‘करो या मरो’ की लड़ाई है।



