रांची : दुर्गा पूजा को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। श्रद्धालुओं और शहर के लोगों को पूजा के दौरान साफ-सुथरा, सुरक्षित और बेहतर माहौल मिले, इसके लिए निगम के सभी अंचलों में काम चल रहा है। अंचल के अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने इलाके में पूजा पंडालों का जायजा ले रहे हैं और वहां की तैयारियां देख रहे हैं। पूजा समितियों से भी बात कर जरूरी इंतजाम और जो भी दिक्कतें हैं, उनकी जानकारी ली जा रही है। इसके बाद संबंधित शाखाओं के साथ मिलकर समस्याओं का समाधान कराने का काम किया जा रहा है।
Read More : रांची में गंदा पानी बहाने और सड़क काटने पर निगम ने लगाया जुर्माना
पूजा समितियों से लगातार संपर्क
बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा, डोरंडा और तुपुदाना अंचल के पदाधिकारी और कर्मचारी संबंधित वार्डों में स्थित पूजा पंडालों और पूजा समितियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। पूजा समितियों से मिले फीडबैक के आधार पर जरूरी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित टीमों और शाखाओं के साथ समन्वय किया जा रहा है।
स्वच्छता से लेकर पथ प्रकाश तक पर नजर
निरीक्षण और समन्वय के दौरान स्वच्छता, पथ प्रकाश, नालियों की सफाई, स्लैब की व्यवस्था और स्टोन डस्ट की उपलब्धता सहित कई व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है। इसके अलावा पेड़ों की छंटाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य जरूरतों का भी फीडबैक लिया जा रहा है। निगम पूजा समितियों के साथ लगातार संवाद और फीडबैक मैकेनिज्म पर भी काम कर रहा है। प्राप्त समस्याओं और आवश्यकताओं के त्वरित समाधान के लिए अंचल स्तर से संबंधित टीमों और शाखाओं के साथ समन्वय किया जा रहा है।
समस्याओं के समाधान के लिए अंचल कार्यालय सक्रिय
रांची नगर निगम का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान शहरवासियों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही पूजा समितियों को व्यवस्थाओं के संचालन में जरूरी सहयोग देने पर भी जोर दिया जा रहा है। निगम ने अंचल कार्यालयों को अपने-अपने क्षेत्रों की पूजा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सामने आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए हैं। पूजा समितियां अपनी जरूरत या किसी समस्या के संबंध में संबंधित अंचल कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा रांची नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर भी संपर्क किया जा सकता है।




