रांची : झारखंड बीजेपी के नए प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार को दो दिन के दौरे पर रांची पहुंचे। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका झारखंड का पहला दौरा है। रांची एयरपोर्ट पर उतरते ही बीजेपी के नेता-कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत पार्टी के काफी नेता और कार्यकर्ता पहले से ही जुटे हुए थे। स्वागत कार्यक्रम के बाद गजेंद्र सिंह पटेल वहां से सीधे खूंटी के उलिहातू के लिए निकल गए।
Read More : रांची में भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकट की बिक्री शुरू, लगी लंबी कतार
उलिहातू में बिरसा मुंडा को देंगे श्रद्धांजलि
गजेंद्र सिंह पटेल उलिहातू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह भी मौजूद हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद वे खूंटी भाजपा कार्यालय जाएंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे खूंटी में पार्टी कार्यकर्ता के घर पर भोजन करेंगे। दोपहर 1:45 बजे गजेंद्र सिंह पटेल रांची स्थित बीजेपी राज्य कार्यालय पहुंचेंगे और स्वागत समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक राज्य के पदाधिकारियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की राज्य टीम की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे।
गजेंद्र सिंह पटेल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
झारखंड बीजेपी के नए प्रभारी बनाए गए गजेंद्र सिंह पटेल मध्य प्रदेश के खरगोन से बीजेपी सांसद हैं। उन्होंने छात्र जीवन से ही संगठनात्मक राजनीति में सक्रियता शुरू की थी। पटेल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा, वनवासी कल्याण परिषद और बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा में काम कर चुके हैं। लक्ष्मीकांत वाजपेयी की जगह उन्हें झारखंड का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है।
2029 के चुनाव को लेकर संगठन में बड़ा बदलाव
2029 के चुनाव में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए पार्टी ने हाल में संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। इसके तहत क्षेत्रीय संगठन प्रभारी से लेकर संगठन महामंत्री तक की जिम्मेदारियों में बदलाव करते हुए नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी बनाया गया है। इन राज्यों में उन्हें संगठन की अहम जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे पवन कुमार साय को झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री रहे कर्मवीर सिंह को पवन कुमार साय की जगह छत्तीसगढ़ प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।





