रांची : झारखंड BJP के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल सोमवार सुबह रांची पहुंचे। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा है। रांची एयरपोर्ट पर BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्वागत के बाद गजेंद्र सिंह पटेल खूंटी के उलिहातू के लिए रवाना हुए। यहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह भी मौजूद हैं।
रांची से खूंटी तक महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण
रांची से खूंटी जाने के दौरान BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह के साथ विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद भगत सिंह, जयपाल सिंह मुंडा और गया मुंडा की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ मुंडा, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह और शालिनी वैशाखीयार समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उलिहातू के बाद खूंटी BJP कार्यालय जाएंगे
भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद गजेंद्र सिंह पटेल खूंटी बीजेपी कार्यालय जाएंगे। इसके बाद दोपहर वे खूंटी में एक पार्टी कार्यकर्ता के घर पर भोजन करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:45 बजे गजेंद्र सिंह पटेल रांची स्थित BJP राज्य कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वे स्वागत समारोह में शामिल होंगे। दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक वे राज्य के पदाधिकारियों और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की राज्य टीम की संयुक्त बैठक में शामिल होंगे।
दो दिवसीय झारखंड दौरे पर हैं गजेंद्र पटेल
गजेंद्र सिंह पटेल का झारखंड दौरा दो दिनों का है। प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अपने पहले दौरे में वे पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।





