रांची: राजधानी के सदर अस्पताल में ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया गया। मरीज पिछले करीब दो वर्षों से इस बीमारी से परेशान थे। निजी अस्पताल में इलाज और सर्जरी पर 8 लाख रुपये से अधिक खर्च बताया गया था। इसके बाद उन्होंने सदर अस्पताल में इलाज कराया, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार और उनकी टीम ने पूरी सावधानी के साथ ऑपरेशन किया। इस दौरान न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया और ऑपरेशन थिएटर की टीम ने मिलकर काम किया। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है. वह डॉक्टरों की निगरानी में स्वस्थ हो रहे हैं।
also read : वेंटिलेटर तोड़ ज्वेलरी दुकान में चाेरी, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर
डॉ. विकास कुमार ने बताया कि मरीज के मस्तिष्क में मेनिन्जियोमा (Meningioma) नाम का ट्यूमर था। इस तरह के ट्यूमर की सर्जरी काफी मुश्किल होती है। ऑपरेशन के दौरान मस्तिष्क की नसों, खून की नलियों और आसपास के स्वस्थ हिस्सों को सुरक्षित रखना जरूरी होता है। जरा सी चूक से मरीज को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। सदर अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवा का दायरा बढ़ने से मरीजों को सरकारी अस्पताल में ही इलाज की सुविधा मिल रही है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि अस्पताल में न्यूरोसर्जरी सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है. ब्रेन और स्पाइन की जटिल सर्जरी का सफल होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अस्पताल का प्रयास है कि गंभीर मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ही विशेषज्ञ इलाज मिल सके।
also read: स्वर्णरेखा नदी गांधी घाट के पास शनिवार शाम डूबी पूनम कुमारी का शव बरामद
सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल में ब्रेन और स्पाइन की चोट के साथ ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों की सर्जरी की सुविधा विकसित की जा रही है। इससे खासकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी मदद मिलेगी।
also read: मॉर्निंग वॉक पर निकले कारोबारी की गला रेतकर हत्या, मृतक की पहचान गौर चंद्र बगती के रूप में हुई
इस ऑपरेशन में डॉ. विकास कुमार और उनकी न्यूरोसर्जरी टीम के साथ एनेस्थीसिया टीम के डॉ. नीरज और डॉ. ज्योतिका की अहम भूमिका रही. ऑपरेशन थिएटर की टीम के अमित, सुरेश, नीली, संजू, नंदिनी, कंचन और अन्य कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।
also read:: भाजपा ने दो सीटों पर उतारे उम्मीदवार, पश्चिम बंगाल से रुक्मिणी मल्लिक और उत्तराखंड से दिनेश आर्य





