धनबाद: झारखंड के धबवाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ा जमुआ स्थित मंदाकिनी उच्च विद्यालय मैदान में लगने वाली सब्जी मंडी में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी मंडी को अपनी चपेट में ले लिया घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
also read: त्योहार के बीच अपर बाजार के दुकानदारों को दुकान खाली करने का नोटिस, किरायेदार संघ ने जताया विरोध
देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि मंडी में बनी दर्जनों अस्थायी झोपड़ियां और दुकानों में रखा सामान कुछ ही देर में जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद दमकल विभाग की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक मंडी में काफी कुछ जलकर खाक हो चुका था।
आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि दुकानदारों को अपना सामान बचाने तक का मौका नहीं मिल सका। घटना में सब्जी विक्रेताओं को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई परिवारों की रोजी-रोटी इसी मंडी में लगने वाली दुकानों पर निर्भर थी।
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताई है। बरवाअड्डा थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं आग लगने की वजह से कई लोगों के सामने राेजी-रोटी की समस्या बन गई है।





