रामगढ़ : रामगढ़ के जिमखाना क्लब रिसोर्ट में आगामी 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन स्वर्गीय रामचंद्र रूंगटा जी की पुण्य स्मृति में हो रहा है। आयोजन का शुभारंभ 4 अक्टूबर, रविवार को प्रातः 10 बजे भव्य मंगल कलश शोभायात्रा के साथ होगा। इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा।
Read More : गांधी जयंती पर महिला प्रोफेशनल समूह ने किया सेवा कार्य
वृंदावन के प्रख्यात व्यास सुनाएंगे कथा
सात दिवसीय इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रीधाम वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथाव्यास एवं भागवत मर्मज्ञ पूज्य आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के दासत्व, भोग एवं सेवा अधिकारी के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान, सदाचार, सेवा, प्रेम एवं मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलेगी।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
आयोजन समिति की ओर से श्रीमती माया रूंगटा ने रांची, रामगढ़ सहित पूरे झारखंड के श्रद्धालु भक्तों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा स्थल पर पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए रामगढ़ की कई धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं तथा धर्म प्रेमियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।





