धनबाद: जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत मनिहाडीह थाना क्षेत्र की जातखूंटी पंचायत के गुलियाडीह गांव में बीती देर जंगली हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान गिरजा मुर्मू के रूप में हुई है। वह नया प्राथमिक विद्यालय, गुलियाडीह में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे।
also read ; पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के 10 ठिकानों पर ED की तलाशी, 60 करोड़ का आरोप
बताया जाता है कि गिरजा मुर्मू देर रात गांव में थे। इसी दौरान जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. वहीं ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश भी है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से जंगली हाथियों का झुंड टुंडी क्षेत्र में विचरण कर रहा है( हाथियों के लगातार गांवों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों से सुरक्षा और उन्हें आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए वन विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
also read : बिना वजह पत्नी से लंबे समय तक दूरी बनाना मानसिक क्रूरता, हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट का फैसला पलटा
घटना के कई घंटे बाद तक वन विभाग या प्रशासन के किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक शिक्षक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हाथियों के झुंड को आबादी वाले इलाकों से दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हाथियों के आतंक को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाते तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
also read : झारखंड के जंगलों में 1 अक्टूबर से शुरू होगी जंगल सफारी, जानें पूरी डिटेल




