रांची : ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने शुक्रवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर SIR के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, AISA केंद्रीय अध्यक्ष नेहा, महासचिव प्रसेनजीत, योगेंद्र यादव और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण समेत अन्य सदस्यों के समर्थन में नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने उनकी रिहाई की मांग भी की।
Read More : इंडिगो के दो विमान रांची की जगह वाराणसी डायवर्ट, अर्जुन मुंडा भी सवार
AISA ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
AISA के राज्य सचिव त्रिलोकी नाथ ने कहा कि जब भारत के चुनाव आयोग में ही लोकतंत्र स्थापित नहीं है, तो देश में हो रहे चुनावों की निष्पक्षता की क्या गारंटी है। उन्होंने कहा कि तीन मुख्य चुनाव आयुक्तों में से दो की सहमति नहीं होने के बावजूद असंवैधानिक तरीके से काम किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने दोनों चुनाव आयुक्तों की बातें क्यों नहीं मानीं। उनके अनुसार, जब सहमति नहीं बनी और दोनों की आपत्तियां थीं, तो उन्हें क्यों नहीं माना गया।
SIR को लेकर AISA ने जताया विरोध
AISA रांची जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने दावा किया कि SIR के नाम पर 13 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने गोवा की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थायी अधिकारियों ने जांच में लोगों को योग्य पाया, लेकिन उनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं जोड़े गए। विजय कुमार ने कहा कि संगठन इसे लोकतंत्र विरोधी मानता है। उन्होंने जंतर-मंतर पर नागरिक प्रतिवाद के दौरान नेताओं की गिरफ्तारी पर भी सवाल उठाया और उनकी रिहाई की मांग की।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR रद्द करने की मांग
AISA एक्टिविस्ट सुहानी मेहता ने कहा कि हजारों शहादत के बाद देश के आम लोगों को वोट देने का संवैधानिक अधिकार मिला है और अब उसी अधिकार पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के वोट के अधिकार की रक्षा जरूरी है। AISA के पूर्व झारखंड राज्य अध्यक्ष सुहानी मेहता ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र को मजबूत करने और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही उन्होंने SIR के बाद हुए चुनावों को रद्द करने और SIR को रद्द करने की मांग की।
प्रदर्शन में ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में सुफियान, सोनाली केवट, नौरीन अख्तर, कबीर, प्रतिभा चौधरी, निखिल राज, सुदामा खलखो, भीम साहू, आकाश रंजन, स्वेत कमल, शाहिद, राकेश बड़ाइक, सृष्टि और आशीष प्रजापति समेत AISA और भाकपा माले के कार्यकर्ता तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




