कोलकता: प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने कोलकाता स्थित कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) के कॉरपोरेट कार्यालय में कंपनी की समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कोल इंडिया के कोयला उत्पादन, आपूर्ति, विविधीकरण और ऊर्जा जरूरतों से जुड़े प्रमुख उपायों की समीक्षा की।
बैठक में विशेष रूप से थर्मल पावर प्लांटों को कोयले की आपूर्ति बढ़ाने के उपायों और कोयला गैसीकरण परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। समीक्षा का मुख्य फोकस देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कोल इंडिया की उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर रहा।
कोल इंडिया के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में अब तक कंपनी ने 310 मिलियन टन (31 करोड़ टन) से अधिक कोयले का उत्पादन किया है, जबकि कुल कोयला आपूर्ति 371 मिलियन टन (37.1 करोड़ टन) से अधिक पहुंच गई है। इसमें पावर सेक्टर को 291 मिलियन टन (29.1 कराेड़ टन) से अधिक कोयले की आपूर्ति शामिल है।
समीक्षा के दौरान कोल इंडिया की डाइवर्सिफिकेशन पहल, कोयला गैसीकरण और ऊर्जा क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप आपूर्ति बढ़ाने की रणनीति पर भी ध्यान दिया गया। कंपनी की मौजूदा उत्पादन और आपूर्ति उपलब्धियों को देखते हुए आने वाले महीनों में बिजली संयंत्रों को कोयला आपूर्ति बनाए रखना प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।




