रांची : राजधानी रांची में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश शहर के लिए आफत बनती जा रही है। शुक्रवार को बारिश और तेज हवाओं के कारण एक बड़ा हादसा हो गया, जब धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन (सचिवालय) परिसर में एक विशालकाय पेड़ धाराशायी हो गया। पेड़ गिरने की इस घटना में परिसर में पार्क की गईं कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं, जिससे वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
Read More : हटिया स्टेशन पर थाईलैंड के बौद्ध मंदिर की थीम पर बनेगा पंडाल
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के वक्त जब दफ्तरों में कामकाज चल रहा था और बाहर झमाझम बारिश हो रही थी, तभी अचानक एक पुराना पेड़ तेज आवाज के साथ नीचे गिर गया। पेड़ सीधे अधिकारियों और कर्मचारियों की गाड़ियों की कतार पर जा गिरा। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय गाड़ियों के अंदर या पेड़ के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय सुरक्षाकर्मी और आपदा प्रबंधन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पेड़ की मोटी टहनियों को काटकर हटाने और नीचे दबी गाड़ियों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है।
लगातार बारिश से ढह रहे हैं पेड़
पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर की मिट्टी बेहद नरम हो चुकी है, जिससे जड़ों की पकड़ कमजोर पड़ने से कई पुराने पेड़ ढह रहे हैं। रांची के कई अन्य हिस्सों और सड़कों के किनारे भी पेड़ तथा उनकी शाखाएं गिरने की खबरें आ रही हैं, जिससे यातायात भी बाधित हो रहा है।




