चेन्नई : वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी से श्रीलंका के कोलंबो जा रही वियतजेट एयरलाइंस की फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद विमान को चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी 152 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह घटना मंगलवार शाम की है। वियतजेट एयर की फ्लाइट वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए रवाना हुई थी। इस फ़्लाइट में 143 यात्री और 9 क्रू मेंबर सवार थे।
Read More : क्या महंगे हो जाएंगे मोबाइल टेम्पर्ड ग्लास? जानें सरकार का नया आदेश
उड़ान के दौरान कैसे आई तकनीकी खराबी?
विमान जब श्रीलंका की तरफ लगभग 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी चेन्नई के पास एयरक्राफ्ट के एक इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और उसने काम करना बंद कर दिया। उड़ान जारी रखने के खतरे को भांपते हुए पायलट ने सबसे पास के सुरक्षित एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करने का फैसला किया।
पायलट ने कैसे बचाई 152 लोगों की जान?
इसके बाद पायलट ने दिल्ली में अपनी एयरलाइन के हेडक्वार्टर के जरिए चेन्नई एयरपोर्ट कंट्रोल रूम से संपर्क किया। उन्होंने इमरजेंसी लैंडिंग की इजाजत मांगी और सुरक्षित लैंडिंग के लिए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने को कहा।
चेन्नई एयरपोर्ट पर कैसे हुई सुरक्षित लैंडिंग?
सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट कंट्रोल रूम के अधिकारियों ने तुरंत एयरक्राफ्ट की इमरजेंसी लैंडिंग के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे फ्लाइट को लैंड करने की इजाजत दी गई। एयरक्राफ्ट ने रात 10:40 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिससे एयरपोर्ट अधिकारियों और एयरलाइन कर्मियों ने राहत की सांस ली। विमान के सभी यात्रियों को एयरपोर्ट लाउंज में ठहराया गया, जहां उनके लिए पीने के पानी और स्नैक्स का इंतजाम किया गया। इस बीच एयरक्राफ्ट इंजीनियरों की टीम खराब इंजन को ठीक करने में जुट गई। पायलटों की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले से एक बड़ा हादसा टल गया।




