रांची : दशहरा, दीपावली और छठ पर अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए इस बार सफर आसान नहीं रहने वाला है। ट्रेनों में सीटों की भारी मारामारी के बीच अब हवाई टिकट भी यात्रियों की जेब पर तगड़ा असर डालने लगा है। त्योहार के आसपास रांची आने वाली कई फ्लाइट्स का किराया सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गया है। कुछ खास रूट पर टिकट की कीमत 25 हजार रुपये के पार पहुंच गई है।
किस रूट पर कितना बढ़ा हवाई किराया?
मुंबई और पुणे से रांची आना इस दौरान सबसे महंगा साबित हो रहा है। 5 से 7 नवंबर के बीच रांची आने वाली उड़ानों की बुकिंग स्थिति पर नजर डालें तो मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से आने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है। छह नवंबर को मुंबई से रांची का किराया करीब 25,500 रुपये तक पहुंच गया है। इसी दिन पुणे से रांची का टिकट करीब 22 हजार और बेंगलुरु से रांची का टिकट करीब 20 हजार रुपये तक दिखाया जा रहा है।
Read More : पलामू में करमा पूजा विसर्जन के दौरान 5 किशोर नदी में डूबे, 4 की मौत
अक्टूबर में क्या है शुरुआती टिकटों का हाल?
सात नवंबर को पुणे-रांची का किराया करीब 25,200 रुपये, बेंगलुरु-रांची का करीब 19 हजार और हैदराबाद-रांची का करीब 18,500 रुपये तक पहुंच गया है। पांच नवंबर को मुंबई-रांची उड़ान का किराया करीब 21,600 रुपये और चेन्नई-रांची का करीब 14,500 रुपये दर्ज किया गया है। हालांकि, त्योहार से ठीक पहले अक्टूबर की बुकिंग पर नजर डालें तो रांची से प्रमुख शहरों के लिए शुरुआती किराया फिलहाल काफी कम है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मौजूदा बुकिंग के अनुसार रांची से दिल्ली का टिकट करीब 6,249 रुपये, मुंबई का 7,881 रुपये और बेंगलुरु का करीब 7,609 रुपये से शुरू हो रहा है। पुणे के लिए शुरुआती किराया करीब 8,333 रुपये है, जबकि गोवा के लिए कुछ तारीखों पर किराया करीब 9,342 रुपये से ऊपर दिख रहा है।
सिर्फ रांची से बाहर जाने वाली फ्लाइट्स ही नहीं, बल्कि त्योहार के दौरान दूसरे शहरों से रांची आने वाले यात्रियों को भी महंगे टिकट मिल रहे हैं। अक्टूबर में शुरुआती किराया इस प्रकार है दिल्ली से रांची करीब 6,413 रुपये, मुंबई से रांची करीब 7,401 रुपये, बेंगलुरु से रांची करीब 7,554 रुपये और पुणे से रांची करीब 8,580 रुपये है। ये शुरुआती इकोनॉमी किराये हैं, जो सीटों की उपलब्धता और बुकिंग के समय के साथ बदल सकते हैं। ट्रेनों में कंफर्म सीटों की कमी के बीच जिन यात्रियों के पास केवल हवाई सफर का विकल्प बचा है, उन्हें अब बढ़े हुए किराये का सामना करना पड़ रहा है। मांग बढ़ने और सीटें कम होने की वजह से आने वाले दिनों में किराये में और भी बदलाव की संभावना बनी हुई है। ऐसे में त्योहार पर यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए जल्द से जल्द बुकिंग करना ही बेहतर विकल्प है। उधर, रांची एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए इंडिगो ने बेंगलुरु, नवी मुंबई और पुणे के लिए नई उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, इन उड़ानों के नियमित संचालन की अंतिम पुष्टि और समय-सारिणी अभी सामने आना बाकी है। फिलहाल रांची एयरपोर्ट से रोजाना 42 से अधिक विमानों का संचालन हो रहा है।
टिकट बुक करने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए इस वर्ष कई नई सुविधाएं भी शुरू की गई हैं। मई के महीने में उड़ान यात्री कैफे, एवीएसएआर काउंटर, किड्स जोन और फ्लाइबरी जैसी सुविधाएं शुरू की गईं। विशेषज्ञों का कहना है कि त्योहार के दौरान टिकट बुक करने से पहले यात्रियों को सिर्फ किराया ही नहीं, बल्कि बैगेज चार्ज, सीट चयन शुल्क और टिकट में बदलाव या कैंसिलेशन के नियम भी जरूर देख लेने चाहिए। रांची एयरपोर्ट के पूर्व संयुक्त महाप्रबंधक धनंजय तिवारी का कहना है कि विमान किराया मांग और उपलब्ध सीटों के हिसाब से तेजी से बदलता है। इसलिए यात्रियों को एक-दो दिन आगे-पीछे की तारीखों पर किराये की तुलना जरूर करनी चाहिए।




