जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 21 चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। मामले में गिरोह से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि पीएम मॉल के पास दो युवक चोरी की स्कूटी लेकर घूम रहे हैं और किसी अन्य वाहन की चोरी की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही और मिली जानकारी के आधार पर बागबेड़ा, पोटका और कोवाली थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से चोरी की 21 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं और गिरोह से जुड़े छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की जांच में पता चला कि गिरोह के सदस्य बिष्टुपुर इलाके के भीड़भाड़ वाले स्थानों को वाहन चोरी के लिए निशाना बनाते थे। जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग एरिया समेत कई जगहों से दोपहिया वाहन चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट में बदलाव किया जाता था। इसके बाद चोरी के वाहनों को जिले के ग्रामीण इलाकों के अलावा ओडिशा के सीमावर्ती गांवों में बेचने की बात भी जांच में सामने आई है।
21 वाहनों की बरामदगी के बाद पुलिस को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों के उद्भेदन में मदद मिली है। बरामद वाहनों के इंजन, चेचिस और रजिस्ट्रेशन नंबर का सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है।
आठ आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने इस मामले में बागबेड़ा शीतला मंदिर रोड नंबर एक के पास के रहने वाला महेश कुमार उर्फ गोलू (19), पोटका के जोजोसाई निवासी मुनीराम मुर्मू (24), पोटका जोजोसाई के रहने वाले कारू मार्डी (24), बागबेड़ा लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप का रहने वाला विक्रांत साहनी (22) बागबेड़ा  लाल बिल्डिंग दुर्गा पूजा पंडाल के समीप का रहने वाला विक्रम साहनी (22), कोवाली नरदा थाना का रहने वाला अशोक पात्रो (24), कोवाली कुंदरूकोचा थाना क्षेत्र का रहने वाला पेलाराम सरदार (31) और कोवाली बोंगादुंगरी का रहने वाला काशीनाथ सरदार (29) को गिरफ्तार किया है। सभी को जेल भेज दिया गया है।