रांची : भाद्रपद कृष्ण पक्ष की परिवर्तिनी एकादशी के अवसर पर हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। सुबह 5 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। सुबह 5:30 बजे मंगला आरती हुई। मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान और वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा के सानिध्य में बाबा श्री श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। एकादशी के अवसर पर मंदिर के पट दिनभर भक्तों के लिए खुले रहे।
Read More : पद्मा एकादशी पर श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में परिवर्तनोत्सव
जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
मंदिर परिसर में ‘हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु बाबा श्री श्याम के दरबार में अपनी अर्जी लेकर कतार में खड़े रहे। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि मंदिर को लेकर ऐसी मान्यता है कि बाबा के दरबार में सच्चे और निस्वार्थ भाव से अर्जी लगाने वाले भक्तों की मनोकामना पूरी होती है। सुबह की श्रृंगार आरती के बाद भजन और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय रहा।
सवामणी भोग और विशेष प्रसाद अर्पित
मंडल के सदस्य आनंद चौधरी और सदस्य ममता चौधरी ने अपने परिवार के साथ बाबा श्री श्याम को विशेष सवामणी भोग प्रसाद अर्पित किया। सवामणी प्रसाद की तैयारी मंडल के उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां की निगरानी में हुई। रात 9:30 बजे से एकादशी का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। आनंद चौधरी और ममता चौधरी परिवार के साथ बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित करेंगे। इस दौरान केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान और फल का भोग अर्पित किया जाएगा। रबड़ी प्रसाद की सेवा अन्नपूर्णा सरावगी, गिरीगोला सेवा मनीष साहू, केसरिया पेड़ा सेवा डॉ. एसएन लाल, फल सेवा एक श्याम भक्त, मगही पान सेवा सुभाष पोद्दार, रौनक पोद्दार और मुकेश बरनवाल तथा पंचमेवा सेवा विनय प्रसाद व सुधीर बरनवाल की ओर से की जाएगी। नवीन पोशाक-बागा और विशेष श्रृंगार सेवा आनंद चौधरी व ममता चौधरी की ओर से निवेदित की जाएगी।
रात में होगा भजन-कीर्तन
रात 9:30 बजे शुरू होने वाले मुख्य कार्यक्रम में मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया गणेश वंदना के साथ भजन-कीर्तन की शुरुआत करेंगे। वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा गुरुजी और हनुमान जी की वंदना करेंगे। साकेत ढांढनिया शंकर जी का भजन, प्रवीण अग्रवाल रानी सती दादी की वंदना तथा अनुज मोदी और महामंत्री गौरव अग्रवाल बाबा श्याम की वंदना प्रस्तुत करेंगे। मंडल के मंत्री पंकज गाड़ोदिया, विष्णु चौधरी, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल और श्याम सेवक अमित शर्मा भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण करेंगे। कार्यक्रम का समापन देर रात आरती के साथ होगा।
23 सितंबर को होगी अखंड ज्योति
मंडल की ओर से बताया गया कि 23 सितंबर, बुधवार को भाद्रपद शुक्ल पक्ष की द्वादशी के अवसर पर बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी। सुबह 9:15 बजे मंडल के सदस्य आनंद चौधरी परिवार के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित करेंगे। भक्त दोपहर 12 बजे तक अखंड ज्योति के दर्शन और धोक देकर इसमें शामिल हो सकेंगे।




