रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर पार्टी महासचिव सूर्यकांत शुक्ला और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिन लोगों को नोटिस मिले हैं, उनकी सुनवाई आसानी से और समय पर हो सके, इसके लिए अतिरिक्त केंद्र बनाए जाएं और अधिक अधिकारियों की तैनाती की जाए। SIR के दौरान दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पहले भी सुनवाई और पारदर्शिता की मांग करती रही है।
Read More : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव का ऐलान, 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि हर सप्ताह Form-6, Form-7 और Form-8 की विधानसभा-वार जानकारी, Form-9, 10, 11ए और 11बी के अनुसार, जिला स्तर पर BLA-1 और BLA-2 को तथा राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए।
चतरा में 1,113 Form-7 पर जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं ने चतरा विधानसभा क्षेत्र में Form-7 की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी की जांच की मांग की। पार्टी नेताओं के मुताबिक, चतरा सीट पर एक ही दिन में 1,113 Form-7 जमा होने की बात सामने आई है। कांग्रेस ने इसे संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कर Form-10 में पूरा ब्योरा साझा करने की मांग की। झारखंड में SIR के दौरान Form-7 को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से पहले भी सवाल उठाए गए हैं और जांच की मांग की गई है।
बूथ नंबर और मतदाता सूची में सुधार की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बूथों के पुनर्गठन के बाद पुराने और नए बूथ नंबरों की अपडेटेड सूची राजनीतिक दलों को जल्द उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा बीसी-1 सूची में क्रमांक 3342 पर दर्ज तकनीकी त्रुटियों को सही जाति प्रमाण पत्र के आधार पर सुधारने की मांग भी की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसा होने से किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से गलती से हटने से बचाया जा सकेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को जल्द से जल्द समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।




