रांची : झारखंड में आज यानी मंगलवार को करमा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। हालांकि, खराब मौसम इस जश्न के बीच थोड़ी परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आज बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने आज झारखंड में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवा की चेतावनी दी है।
Read More : जमशेदपुर में निखार सबलोक हत्याकांड, राघव के ठिकानों पर छापा
मौसम विभाग के मुताबिक आज राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। खासकर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। करमा पर्व के दौरान खुले मैदान या पेड़ के नीचे कार्यक्रम कर रहे लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।
23 सितंबर को भी झारखंड में मौसम सक्रिय रहेगा। राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इस दिन दक्षिणी और मध्य झारखंड में बारिश का असर ज्यादा दिखाई देगा। मौसम विभाग के मुताबिक रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
24 सितंबर को मौसम और ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन झारखंड के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। सबसे ज्यादा असर दक्षिणी झारखंड के सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम तथा इनसे सटे मध्य झारखंड के किन इलाकों पर पड़ेगा। इसके अलावा रांची, गुमला और खूंटी में भी इसका असर दिख सकता है। पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हिस्से में गिरिडीह और उत्तर-पश्चिमी हिस्से में लातेहार भी प्रभावित हो सकते हैं।
लगातार बारिश और बादलों की वजह से तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। रांची में 21 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं जमशेदपुर में 32.2 और डालटनगंज में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा था। बारिश का दौर बढ़ने के साथ ही दिन के तापमान में कमी आने की संभावना है।



