रांची : श्री श्याम मंडल, रांची के 59वें वार्षिक महोत्सव के दूसरे दिन यानी शुक्रवार को श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर 4 बजे अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। शोभायात्रा में सबसे आगे विभिन्न देवताओं के जयकारे वाले बैनर लेकर भक्त चल रहे थे। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और बैंड की धुन के बीच श्री कृष्ण लीला पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
Read More : दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन हुई विशेष पूजा, सरलता का संदेश
भजनों पर झूमते रहे श्याम भक्त
शोभायात्रा में मंडल के सदस्य पूरे मार्ग में भजनों के साथ झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। ‘इतनी कृपा सांवरे बनाए रखना’, ‘बड़ी दूर से चलकर आया हूं’, ‘मांगने की आदत जाती नहीं’, ‘जन्म जन्म का साथ है’ और ‘श्याम तेरे ही भरोसे मेरा परिवार’ जैसे भजनों की लय पर भक्त भक्ति में सराबोर नजर आए। श्री श्याम प्रभु दिव्य रथ पर विराजमान होकर नगरवासियों को आशीर्वाद देते हुए नगर भ्रमण पर निकले। शहर के विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के सामने दिव्य रथ का स्वागत किया। नगरवासियों ने दिव्य रथ पर विराजमान श्री श्याम प्रभु की आरती की और पुष्प वर्षा कर भावपूर्ण स्वागत किया। शोभायात्रा के पूरे मार्ग में मंडल के सदस्यों की ओर से प्रसाद का वितरण भी किया गया। रात्रि 8 बजे नगर भ्रमण पूरा होने के बाद शोभायात्रा श्री श्याम मंदिर पहुंची। यहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ।
इन सदस्यों का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील मोदी, अनिल केजरीवाल, अशोक लाठ, अंशुल अग्रवाल, राकेश मुरारका, अनिल ढांढनीयां, राकेश सारस्वत, अशोक धानुका, अमित जलान और विकाश पाड़िया का सहयोग रहा। प्रेस रिलीज के अनुसार, अगले कार्यक्रम में रात्रि 9 बजे मंडल के संरक्षक द्वारा गणेश पूजन और अष्ट प्रहर की ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। मुख्य अतिथि श्री सुमित अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रांची द्वारा 59वें प्रेम पुष्प (भजन पुस्तिका) का विमोचन किया जाएगा। इसके बाद नागपुर से पहुंचीं प्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री निहारिका पुरोहित और स्थानीय मंडलियों की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।




