पलामू : जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र स्थित लुम्बा सतबहिनी गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कुएं से युवती का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
Read More : रांची जैन भवन में क्षमा दिवस, संवत्सरी क्षमावाणी और रक्तदान शिविर
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवती पिछले कुछ दिनों से लापता बताई जा रही थी। हालांकि, पुलिस की ओर से युवती के लापता होने की अवधि और शव की पहचान को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कुएं में शव होने की सूचना मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि युवती की मौत कुएं में गिरने से हुई है या इसके पीछे कोई साजिश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शुरुआती जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



