जकार्ता : इंडोनेशिया के जावा सागर में 243 यात्रियों को ले जा रहा एक यात्री जहाज संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही इंडोनेशियाई बचाव दल ने बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू कर दिया है। अब तक 103 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। बचाव दल फिलहाल जहाज पर सवार शेष 140 लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। यह हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत दौरे पर हैं।
Read More : रांची में साइबर ठगी का नया तरीका, फर्जी बैंक ऐप से 4.90 लाख उड़ाए
कम्युनिकेशन सिस्टम हुआ खराब, आखिरी लोकेशन जावा सागर
अधिकारियों के अनुसार, ‘वर्जो ट्रांसपोर्ट 8’ (Varjo Transport 8) नामक यह जहाज शनिवार को पूर्वी जावा प्रांत के सुरबाया शहर से बोर्नियो द्वीप पर स्थित दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन शहर की ओर जा रहा था। यात्रा के दौरान ही जहाज का कम्युनिकेशन सिस्टम खराब हो गया और उसका संपर्क टूट गया। शुरुआती जांच के अनुसार, जहाज की आखिरी लोकेशन जावा सागर में दर्ज की गई थी, जो बंजारमासिन घाट से लगभग 148 किलोमीटर की दूरी पर है। जहाज के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, इसमें कुल 243 लोग सवार थे।
हेलीकॉप्टर और जहाजों से सर्च ऑपरेशन जारी
सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के बंजारमासिन कार्यालय प्रमुख ने बताया कि विभिन्न जहाजों की मदद से अब तक 103 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें से कुछ को पूर्वी जावा के पास स्थित बंदरगाह पर पहुंचाया गया है। लापता 140 लोगों की खोज के लिए कई जहाजों और एक हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है। इसके अलावा, जावा सागर के उस इलाके में मौजूद अन्य सभी व्यावसायिक और स्थानीय जहाजों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी यात्री या मलबे के मिलने पर तुरंत सूचना दें। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि जहाज के साथ असल में क्या हादसा हुआ।
द्वीपों के देश इंडोनेशिया में फेरी दुर्घटनाएं आम
17 हजार से अधिक द्वीपों वाले इंडोनेशिया में एक द्वीप से दूसरे द्वीप जाने के लिए फेरी और यात्री जहाजों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है, क्योंकि यह हवाई यात्रा की तुलना में काफी सस्ता माध्यम है। सुरक्षा मानकों में ढील के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक फेरी में आग लगने से 5 लोगों की जान चली गई थी।






