जमशेदपुर : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में NIT जमशेदपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के पदाधिकारियों के साथ NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर डॉ. गौतम सूत्रधार और संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, आरक्षण रोस्टर, कल्याणकारी योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
Read More : फतेहपुर में खराब नेटवर्क से गुस्साए ग्रामीणों ने टावरकर्मी बांधा
जनजातीय हितों से जुड़े मामलों पर चर्चा
डॉ. आशा लकड़ा ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय हितों से जुड़े मामलों के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनजातीय कर्मचारियों से जुड़े विषयों और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
विद्यार्थियों से डॉ. आशा लकड़ा ने किया संवाद
समीक्षा बैठक से पहले डॉ. आशा लकड़ा ने NIT जमशेदपुर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा, पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं, जरूरतों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
विद्यार्थियों ने रखीं समस्याएं और सुझाव
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं, सुझाव और अपेक्षाएं डॉ. आशा लकड़ा के समक्ष रखीं। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना। डॉ. आशा लकड़ा ने संबंधित स्तर पर आवश्यक पहल और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।





