पटना/गया : बिहार में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर आज यानी शुक्रवार को जांच एजेंसियों ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने लघु जल संसाधन विभाग के छपरा अंचल में तैनात सुपरिटेंडेंट इंजीनियर राजेंद्र कुमार के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। वहीं दूसरी तरफ, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गया के एक चर्चित होटल ग्रुप पर रेड मारी।
Read More : ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर अमित शाह बोले- स्टेज तैयार, साथ मिलकर बनाएंगे बेहतर भविष्य
राजेंद्र कुमार पर 3 करोड़ से अधिक आय से अधिक संपत्ति का केस
SVU की पांच अलग-अलग टीमें एक साथ इस कार्रवाई को अंजाम दे रही हैं। विजिलेंस की टीम पटना स्थित लघु जल संसाधन विभाग के दफ्तर में भी पहुंची। अधिकारियों के अनुसार, छपरा अंचल में पदस्थापित अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार पर 3 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि राजेंद्र कुमार ने हाल ही में मुंबई के पनवेल क्षेत्र में लगभग 75 डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। टीम फिलहाल संपत्ति और वित्तीय दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है।
गया में होटल ग्रुप पर ईडी का शिकंजा
उधर गया में, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत कार्रवाई करते हुए ईडी ने रामनंदी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स लिमिटेड (RHRL) से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी की टीमों ने गया और बोधगया में एक साथ दबिश दी। जांच एजेंसी की टीम कंपनी के निदेशक अखौरी गोपाल और उनके बेटों निशांत व नितेश से संबंधित ठिकानों और परिसरों में पहुंची। बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इस मामले में ईडी अधिकारी वित्तीय लेनदेन और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रहे हैं।






